एक टिकट पर रेल से नाव तक की यात्रा करें, जानिए कोच्चि मेट्रो से जुडी रोचक जानकारी

Kochi Metro

क्या कभी आपने सोचा है की एक टिकट जिसे आपने बैंक से लिया हो ,उसे अपने हाथ में लेकर रेल से लेकर नाव तक की यात्रा कर लें और वो भी बिना कोई अतिरिक्त शुल्क को चुकाए, और आपको कोई कुछ न कहे। तो आप यही कहेंगे न की सपनों की बातें सच नहीं होतीं हैं। तो नहीं जनाब, यह सब सपना नहीं है, वास्तविकता है और वो भी 19 जून 2017 से यह संभव हो सका है। यहीं इसी भारत भूमि पर यह सब कुछ संभव हो सका है। आइये केरल के एक शहर कोच्चि में, यह अजूबा संभव हो सका है कोच्चि मेट्रो के कारण।

क्यूँ खास है कोच्चि मेट्रो:

जैसा की आप जानते ही हैं की भारत में मेट्रो की शुरुआत 1985 वर्ष में कलकत्ता मेट्रो से हुई थी। इसके बाद सबसे बड़ी मेट्रो श्रृंखला दिल्ली में शुरू हुई। मुंबई और चेन्नई का सफर तय करती हुई मेट्रो की यात्रा कोच्चि में पहुँच गयी। अपने तय समय यानि तीन वर्ष और नौ महीने में इस मेट्रो का निर्माण करके पहले ही कोच्चि मेट्रो एक रिकॉर्ड तय कर चुकी है। इसके अलावा भी कोच्चि की मेट्रो में बहुत कुछ अनोखा है जो इसे अन्य मेट्रो से अलग बनाती हैं।

आइये देखें क्या खास है कोच्चि मेट्रो में:

1. कोच्चि मेट्रो का निर्माण पूरा होने पर इसका जश्न एक अनोखे तरीके से मनाया गया। कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटिड के अधिकारियों ने इस मौके पर उन सैकड़ों मजदूरों से लेकर अधिकारियों तक का सम्मान किया जो इसके निर्माण का हिस्सा थे। न केवल इतना, बल्कि बिना किसी भेदभाव के सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और मजदूरों ने एक ही स्थान पर एक साथ बैठ कर भोजन किया और पार्टी का आनंद लिया। इसके अलावा सभी मजदूरों ने एक कार्ड पर अपना नाम लिख कर अपना नाम भी सुनहरे अक्षरों में दर्ज कर दिया।

2. कोच्चि मेट्रो रेल में ऊर्जा का स्रोत बिजली नहीं बल्कि सौर ऊर्जा है जिसके लिए केरल के मट्टम यार्ड के पास एक जगह भी निश्चित कर दी गयी है।

3. यहाँ आपको मेट्रो के सभी स्टेशनों पर मेडिकल केयर की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध होगी। इसके लिए मेडिकल ट्रस्ट हॉस्पिटल से तीन साल का अनुबंध किया गया है जिसके अनुसार हर 5 किलोमीटर की दूरी पर एक आईसीयू एंबुलेंस भी उपलब्ध होगी।

4. शहर की भीड़ को कम करने के लिए कोच्चि के मेट्रो रेल ने एकीकृत मल्टी मॉडल सिस्टम का प्रयोग किया।

5. कोच्चि मेट्रो कार्ड के जरिये बस, ट्रेन आदि में भी सफर किया जा सकता है। इस कार्ड को उस बैंक अकाउंट से लिंक किया जा सकता है जहां आपका खाता हो।

6. मेट्रो फीडर सर्विस के तौर पर कोच्चि में जल परिवहन को भी जोड़ा गया है। केरल के 10 टापू से फीडर सर्विस के लिए नावों का प्रबंध किया गया है।

7. आपको यहाँ केरल की सुप्रसिद्ध शास्त्रीय धुन भी सुनाई देगी जो मेट्रो के दरवाजे खुलने और बंद होने पर सुनाई देगी।

8. मेट्रो स्टेशन और मेट्रो में फ्री वाई-फ़ाई की सुविधा उपलब्ध है।

9. यह देश का पहला संस्थान है जहां बाकायदा प्रतियोगी परीक्षा के बाद 23 ट्रांस जेंडर्स को यहाँ काम दिया गया है।

10. कार्य के समान अवसर उपलब्ध करने के नियम का पालन करते हुए कोच्चि मेट्रो में 1000 महिला कर्मचारियों को नौकरी के अवसर दिये गए हैं , जिनमें से 7 महिलाएं पाइलट भी हैं।

11. आप सभी मेट्रो स्टेशन एक नए अवतार में यहाँ देख सकते हैं। इसके लिए साज-सज्जा के लिए विशेष थीम का आयोजन किया गया है। यह थीम समुद्री इतिहास, पश्चिमी घाट और शहर के इतिहास से संबन्धित होगी।

12. यह देश की पहली ऐसी मेट्रो है जो कमुनिकेशन आधारित ट्रेन कंट्रोल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है जिसके कारण ट्रेन की फ्रिक्वेंसि को त्रुटिहीन करना और इसके संचालन गति को बढ़ाया जा सकता है।

13. हर मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को फ्री साइकल सुविधा भी उपलब्ध करवाई जायेगी।

14. मेट्रो के दो किलोमीटर कॉरीडोर एरिया में फुटपाथ की सुविधा भी दी जाएगी जहां हल्के वाहन जैसे साइकल या मोटर साइकल को चलाना आसान होगा।

15. पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ मेट्रो पिलर्स को वरटिकल गार्डन की तरह से तैयार किया गया है जिसमें म्युनिसिपल कचरे को रिसाइकल किया गया है।

16. मेट्रो की समस्त जानकारी से जनता को निरंतर अपडेट रखने के लिए एक एप भी लॉंच किया गया है।

17. कोच्चि मेट्रो का सफर अन्य मेट्रो के सफर से भी सस्ता है क्यूंकी इसका अधिकतम किराया 30 रुपए और न्यूनतम 15 रुपए है।

इस प्रकार मेट्रो मैन श्रीधरन और डी एम आर सी का ड्रीम प्रोजेक्ट कोच्चि मेट्रो सचमुच देश का अनूठा ड्रीम प्रोजेक्ट सिद्ध होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.